जयपुर, नौ नवम्बर राजस्थान में विधानसभा की सात सीट पर होने वाले उपचुनाव में मतदान कक्षों के बाहर भी कैमरों से नजर रखी जाएगी और सीधा प्रसारण कर मतदाताओं की कतार आदि का प्रबंधन किया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी।
अधिकारी ने बताया कि राजस्थान निर्वाचन आयोग विधानसभा उपचुनाव के दौरान सात विधानसभा क्षेत्रों में निष्पक्ष, निर्भीक एवं पारदर्शी चुनाव के लिए वेबकास्ट प्रक्रिया का और विस्तार करेगा।
उन्होंने बताया कि मतदान कक्ष से मतदान प्रक्रिया की सीसीटीवी फुटेज के साथ ही कक्ष के बाहर से भी सीधा प्रसारण कर मतदाताओं की कतार और कानून-व्यवस्था का प्रबंधन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि पूरी मतदान प्रक्रिया को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आयोग ने मतदान दिवस के दिन मतदान केंद्र से ‘वेबकास्टिंग’ कवरेज के विस्तार की योजना तैयार कर ली है।
अधिकारी ने बताया कि मतदान कक्ष में हो रही मतदान प्रक्रिया के साथ-साथ कक्ष के बाहर से भी सीधा प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वेबकास्ट कवरेज के विस्तार से भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन विभाग और जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य प्राधिकारी मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन पर बारीक नजर रख सकेंगे तथा आवश्यकता होने पर सुधारात्मक कार्यवाही के लिए समुचित निर्देश दे सकेंगे।
महाजन ने बताया कि इस नवाचार के लिए मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त कैमरा लगाये जाएंगे और वेबकास्ट कवरेज का सीधा प्रसारण विशेष टीवी स्क्रीन पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीधा प्रसारण की निगरानी एक विशेष दल द्वारा की जाएगी, जिसमें पुलिस, निर्वाचन आयोग और आईटी विभाग के अधिकारी होंगे।
राज्य की झुंझुनू, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY