देश की खबरें | राजस्थान : बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छात्र की मौत

जयपुर, नौ जुलाई राजस्थान के सीकर शहर में 17 वर्षीय छात्र की बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में गिरने से शनिवार की शाम मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

घटना के बाद सीकर नगर परिषद के एक इंजीनियर को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया, जिसके बाद रविवार को परिजन शव लेने को तैयार हुए।

नवलगढ़ रोड पर सीवरेज कार्य के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया।

सीकर के पुलिस अधीक्षक करण शर्मा ने बताया कि नवलगढ़ रोड पर ‘सीवरेज’ के काम के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। छात्र युवराज सिंह अपनी ‘कोचिंग’ से लौट रहा था तभी वह गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गयी । नागरिक सुरक्षा के एक दल ने उसके शव को गड्ढे से बाहर निकाला।

शर्मा ने बताया कि छात्र झुंझुनू का रहने वाला था और सीकर में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहा था, छात्र के पिता सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) कर्मी हैं।

इस घटना के बाद स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए और सीकर नगर परिषद के दोषी अधिकारियों तथा ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग को लेकर धरना दे रहे थे।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘परिवार के सदस्यों ने नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और भारतीय दंड संहिता की धारा 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बाद में, सीकर नगर परिषद के एक इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया, वह इस काम का पर्यवेक्षक था । सरकार की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिया जाने के आश्वासन के बाद परिजन शव लेने को तैयार हो गये।

जिला प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)