देश की खबरें | राजस्थान: मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त; दो ग्रामीणों की मौत, पायलट सुरक्षित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान सोमवार सुबह हनुमानगढ़ जिले के एक गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कम से कम दो ग्रामीणों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, लेकिन विमान के पायलट सुरक्षित हैं।
जयपुर, आठ मई भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान सोमवार सुबह हनुमानगढ़ जिले के एक गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कम से कम दो ग्रामीणों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, लेकिन विमान के पायलट सुरक्षित हैं।
हनुमानगढ़ की जिलाधिकारी रुक्मणि रियार ने बताया कि भारतीय वायुसेना का मिग-21 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि पायलट सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह विमान गांव बहलोल नगर के बाहरी इलाके में गिरा।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा के पास हुए विमान हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए हैं और पुलिस तथा प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वायुसेना को सूचित कर दिया गया है और वे ही हादसे के कारणों की तकनीकी जानकारी दे सकेंगे।
अधिकारी ने कहा कि पायलट ने विमान को गांव से दूर ले जाने की हरसंभव कोशिश की और विमान को गांव के एक सिरे की ओर ले गया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में हताहत हुए लोगों के लिए राहत और मुआवजे का प्रावधान होता है और उसके अनुसार सभी कदम उठाए जाएंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस ने कहा कि कम से कम दो नागरिकों के मारे जाने की खबर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)