जयपुर, छह अगस्त जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों का सामना करते हुए शहीद हुए जयपुर के बाबूलाल जाट का रविवार को उनके पैतृक गांव हनुतपुरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
शनिवार को जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान बाबूलाल जाट (38) शहीद हो गये थे।
राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि दी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़, शाहपुरा से विधायक आलोक बेनीवाल ने भी शहीद को श्रृद्धांजिल दी।
शाम को शहीद के पैतृक गांव मनोहरपुरा के पास खोरालाडखानी तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।
शहीद बाबूलाल जाट को राजस्थान पुलिस और भारतीय सेना ने ‘गारद सलामी’ दी।
पुलिस के अनुसार शहीद बाबूलाल को उनके दोनों बेटों विशाल (18) और विशेष(14) ने मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के समय 'भारत माता की जय' के नारे गूंज उठे और परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY