देश की खबरें | राजस्थान: दलित युवती की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी और उसका पिता गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान पुलिस ने करौली जिले में एक दलित युवती की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी युवक तथा उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। युवती (18) का शव बृहस्पतिवार की रात को एक कुंए में मिला था। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
जयपुर, 15 जुलाई राजस्थान पुलिस ने करौली जिले में एक दलित युवती की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी युवक तथा उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। युवती (18) का शव बृहस्पतिवार की रात को एक कुंए में मिला था। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
करौली की जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने शनिवार को बताया कि थाना नादौती क्षेत्र में युवती की हत्या कर लाश कुएं में फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रभाकर चेन सिंह उर्फ गोलू मीना (20) और सहयोगी पिता अमर सिंह उर्फ नैहना मीना को गिरफ्तार किया है।
गुप्ता के अनुसार युवती द्वारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी युवक उसे बहला फुसला कर अपने फार्म हाउस ले गया, जहां दुष्कर्म कर देशी कट्टे से उसकी हत्या कर दी और बाद में पिता ने अपने बेटे को बचाने के लिए लाश एक कुएं में फेंक दी।
इस मामले में 12 जुलाई की शाम को युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दी गई थी, अगली सुबह थाना नादौती इलाके में एक कुएं में उसकी लाश मिली। परिजनों ने युवती से सामूहिक बलात्कार, तेजाब हमला और हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
गुप्ता के अनुसार पुलिस ने तकनीकी सहायता से संदिग्ध प्रभाकर चैन सिंह उर्फ गोलू को चिन्हित किया, संदिग्ध गोलू के मोबाइल नंबर बन्द आ रहे थे। घरवालों ने भी उसकी जानकारी होने से मना कर दिया। तलाश के दौरान सूचना मिली कि गोलू मीना जयपुर में अपने रिश्तेदार के घर पर छिपा हुआ है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उसे जयपुर से पकड़ लिया गया और मामले में सहयोगी पिता को भी टीम ने पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ में आरोपी युवक गोलू मीना ने युवती के साथ प्रेम प्रसंग होना बताया। उसका कहना है कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, इस पर उसने उसे बहला-फुसलाकर अपने फार्म हाउस पर ले गया, जहां पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर देशी कट्टे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि बाद में पिता ने बेटे को बचाने के लिए युवती की लाश भी कुएं में फेंक सबूत मिटाने का प्रयास किया।
वहीं भारतीय जनता पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह शनिवार को करौली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
सिंह ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस राज में राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और महिलाएं एवं बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं।
टोडाभीम से कांग्रेस विधायक पीआर मीणा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद पीड़िता के परिजनों ने शनिवार को शव लेकर अंतिम संस्कार कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)