देश की खबरें | राजस्थान में शासन, नहीं कुशासन है : अशोक गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘‘यह शासन नहीं कुशासन है जो चल रहा है।’’
जयपुर, 25 अक्टूबर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘‘यह शासन नहीं कुशासन है जो चल रहा है।’’
गहलोत ने दौसा में कांग्रेस प्रत्याशी दीनदयाल बैरवा की नामांकन जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा,'' राज्य में जो नयी सरकार आई है उनको लगभग 11 महीने हो जायेंगे… 11 महीने के अंदर क्या हालात बना दिये हैं? एक बार मेरे मुंह से निकल गया यह सरकार नहीं सर्कस है तो पांच सात मंत्रियों ने मुझ पर हमले किये… मैंने कहा भई मेरी दुर्भावना नहीं थी… यह सर्कस की तरह ही है जैसे किरोड़ी मीणा हैं.. कोई विधायक मुख्यमंत्री को कह रहा इनको संभालो क्या बोल रहे हैं.. धमकियां दे रहे हैं आपस में। और आप (मुख्यमंत्री) 'अप डाउन' करते हो दिल्ली के बीच में… तो यह जो गवर्नेस चल रही है… शासन नहीं है… यह कुशासन है.. जो चल रहा है।’’
गहलोत ने कहा, ''यह बात मैं नहीं कह रहा हूं राजस्थान के किसी भी गांव में चले जाओ.. हमारी सरकार तो नहीं बन पाई कई कारण होते है।''
उदयपुर के दर्जी कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री खुद ही झूठ बोल रहे थे कि मुसलमान को दिये 50 लाख, हिन्दू को दे दिये पांच लाख... कन्हैयालाल की हत्या को लेकर … 50 लाख मैंने उनको दिये। आजादी के बाद 50 लाख रूपये दिये किसी परिवार को… दो नौकरियां लगा दी… दोनों हत्यारों को पकड़ लिया हम लोगों ने… शाम को केस ले लिया दिल्ली की सरकार ने, आज तक उस केस के बारे में क्या हुआ किसी को नहीं मालूम... वो परिवार बेचारा रो रहा है।''
उन्होंने कहा,''अगर हमारी पुलिस के पास मामला होता ... तो अभी तक हो सकता है कन्हैयालाल की हत्याकांड के आरोपियों को फांसी की सजा हो जाती इतना संगीन वो मामला था।''
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की अच्छी योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ''लोग कहते हैं कि यह सरकार आ तो गई पर काम कुछ नहीं कर पा रही है।''
सभा को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी संबोधित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 25, 2024 08:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

