एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान: खाटू श्यामजी में श्रद्धालुओं से मारपीट के मामले में दो दुकानदार सहित चार लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के सीकर जिले में खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से मारपीट के सिलसिले में दो दुकानदारों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | राजस्थान: खाटू श्यामजी में श्रद्धालुओं से मारपीट के मामले में दो दुकानदार सहित चार लोग गिरफ्तार

जयपुर, 10 जुलाई राजस्थान के सीकर जिले में खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से मारपीट के सिलसिले में दो दुकानदारों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दर्शन करने आए एक परिवार के सदस्यों से मंदिर के निकट दो दुकानदारो और उनके कर्मचारियों ने मारपीट की।

पुलिस ने बताया कि तीन महिलाओं और एक नाबालिग लड़की सहित एक परिवार के आठ लोग मंदिर में पूजा के लिये आये थे।

पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्य बारिश के दौरान दुकान के सामने खड़े हो गये, जिसे लेकर दुकानदारों से उनका विवाद हो गया।

खाटू श्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्यों की पिटाई करने के आरोप में दो दुकानदारों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया, “बारिश के दौरान परिवार के सदस्य एक दुकान पर खड़े थे। दुकानदार ने जब उन्हें वहां से हटने को कहा तो विवाद शुरू हो गया।”

उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी ने बताया कि परिवार पर हमला करने वाले पांच लोग थे और उनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि एक आरोपी फरार है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मांगीलाल, मेघराज, राजकुमार और राकेश के रूप में हुई है।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे मंदिर की ओर जा रहे थे और एक दुकान के सामने कुछ देर रुके तभी दुकानदार ने उनसे बदसलूकी शुरू कर दी।

एक सदस्य ने बताया, “हम दुकान के पास रुके और अपने बाकी सदस्यों के आने का इंतजार किया। कुछ ही देर में दुकानदार ने हमें आगे बढ़ने और वहां न रुकने को कहा। हमने इसे सहजता से लिया और आगे बढ़ गए लेकिन वह मेरी सास से बहस करता रहा और आक्रामक हो गया।”

उन्होंने बताया कि दुकान में बैठा दूसरा आदमी भी बाहर आया, एक डंडा लिया और सदस्यों पर हमला कर दिया।

पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया, “इससे पहले कि हम स्थिति को समझ पाते, दूसरे लोग भी आ गए और बिना किसी कारण हमें पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में हमारे सदस्यों को चोटें आई हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 07:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).