देश की खबरें | राजस्थान: एलपीजी टैंकर से लगी आग की चपेट में आये ट्रक के चालक ने कूद कर बचाई जान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार तड़के ट्रक की टक्कर लगने से एलपीजी टैंकर में लगी आग की चपेट में आये कई वाहनों में से एक के चालक ने वाहन से कूद कर अपनी जान बचाई।
जयपुर, 20 दिसंबर राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार तड़के ट्रक की टक्कर लगने से एलपीजी टैंकर में लगी आग की चपेट में आये कई वाहनों में से एक के चालक ने वाहन से कूद कर अपनी जान बचाई।
सुमेर सिंह (40) आम दिनों की ही तरह अजमेर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा रहे थे कि तभी अचानक उन्होंने आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती हुई देखीं।
सुमेर सिंह ने अचानक उठी आग की लपटों से अपने ट्रक को बचाने के लिए स्टीयरिंग तेजी से बाईं ओर मोड़ा और इससे पहले कि उनका वाहन आग की चपेट में आता उन्होंने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई और वहां से भाग निकले।
सुमेर सिंह तो बच गए लेकिन उनका ट्रक पूरी तरह जल कर खाक हो गया। हालांकि, कई अन्य लोग सुमेर सिंह जितने भाग्यशाली नहीं रहे।
इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गयी जबकि 35 से अधिक लोग झुलस गए और उनमें से कई अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे हैं।
यह दिल दहला देने वाला हादसा जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भांकरोटा थाना क्षेत्र में तड़के करीब पांच बजे उस समय हुआ जब एक ट्रक एलपीजी टैंकर से टकरा गया और गैस रिसाव के कारण करीब 300 मीटर का इलाका पल भर में आग के गोले में बदल गया और 37 वाहन इसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि अग्निशमन के वाहन भी इन जलते वाहनों तक नहीं पहुंच पाये।
कुछ ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े थे और उनके चालक व खलासी अपने-अपने वाहनों में सो रहे थे।
हादसे की चपेट में आई दो बसों में से एक निजी स्लीपर बस थी, जो उदयपुर से जयपुर आ रही थी।
बस में सवार यात्रियों को उतरने का समय ही नहीं मिला जबकि कुछ ट्रकों के चालक और परिचालक अपने वाहनों के पास ही मौजूद थे।
हादसे में बाल-बाल बचे ट्रक चालक सुमेर सिंह बार-बार भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं।
ट्रक चालक सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “मैं तड़के करीब पांच बजे बगरू से अपना ट्रक लेकर विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र जा रहा था। बहुत ठंड थी और मैं सामान्य गति से जा रहा था। अचानक करीब 200 मीटर आगे, मैंने आग का एक बादल देखा। यह बादल बहुत ऊंचा था।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)