देश की खबरें | राजस्थान: बूंदी में आवारा कुत्तों के काटने से बच्चे की मौत

कोटा (राजस्थान), नौ जुलाई राजस्थान के बूंदी जिले में खेतों की ओर जा रहे 12 वर्षीय बच्चे पर रविवार को तीन आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना तीखा बरडा गांव में सुबह की है।

बूंदी सदर पुलिस थाने के ड्यूटी अधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि पांचवीं का छात्र मंगीलाल गुर्जर तीखा बरडा गांव का रहने वाला था, जिसे आवारा कुत्तों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चा जब 500 मीटर दूर अपने घर और खेत के बीच एक सुनसान सड़क को पार कर रहा था तभी कुत्तों ने उसे घेर लिया और उसपर हमला कर दिया।

पुलिस ने कहा कि घटना के वक्त वहां कोई भी मौजूद नहीं था।

अधिकारी ने कहा कि बच्चा मदद के लिए चीखा और खुद को बचाने के लिए भागा लेकिन जब तक उसके रिश्तेदार और अन्य गांव वाले मौके पर पहुंचे तब तक आवारा कुत्तों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

गांव वाले उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे कोटा के लिए रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कोटा ले जाते वक्त रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई।

अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि आपराध प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 174 (अप्राकृतिक मृत्यु) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)