Rajasthan: भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को, मुख्यमंत्री के नाम पर हो सकता है फैसला
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक मंगलवार को होगी जिसमें आगामी मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है। बैठक में पार्टी पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह भी भाग लेंगे.
जयपुर, 11 दिसंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक मंगलवार को होगी जिसमें आगामी मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है. बैठक में पार्टी पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह भी भाग लेंगे. पार्टी के प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक कल मंगलवार शाम चार बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है. इसके लिए दोपहर डेढ़ बजे से भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायकों का पंजीकरण शुरू होगा.
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और विधायक भजनलाल शर्मा ने कहा कि सभी नव-निर्वाचित विधायकों को अनिवार्य रूप से विधायक दल की बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं. बैठक में पार्टी के पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सह-पर्यवेक्षक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी मौजूद रहेंगे. पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह सोमवार को यहां पहुंचे. पार्टी मुख्यालय में पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से कहा कि कल केन्द्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह जी यहां पर आ रहे हैं और उनके साथ दोनों सहपर्यवेक्षक भी आएंगे. आगे की जानकारी कल केन्द्रीय पर्यवेक्षक ही देंगे.
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद पर किसी दलित चेहरे के बारे में पूछे गये सवाल पर कहा,‘‘आप अनुमान मत लगाइये, सब आपके सामने कल आयेगा. उन्होंने कहा कि कल केन्द्रीय पर्यवेक्षक आ रहे हैं. आगे की जानकारी केन्द्रीय पर्यवेक्षक ही आपको देंगे.’’ विधायक किरोड़ी लाल मीणा, वासुदेव देवनानी तथा जोगेश्वर गर्ग सहित अनेक विधायक सोमवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे. अनेक विधायकों के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से उनके आवास पर मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर मीणा ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद 17 विधायकों ने उनसे भी मुलाकात की है, लेकिन इस तरह की गतिविधियां 'गोलबंदी' नहीं हैं.
राज्य में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किए गए. भाजपा को 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला है. उल्लेखनीय है कि राजे को मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है. पार्टी के कई विधायकों ने पिछले हफ्ते सोमवार और मंगलवार को राजे से मुलाकात की थी. बाद में राजे दिल्ली गईं और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. रविवार को यहां कुछ विधायकों ने फिर उनसे मुलाकात की.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 11, 2023 05:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

