देश की खबरें | गहलोत के अपनी 'कुर्सी' बचाने पर ध्यान देने कारण राजस्थान निचले पायदान पर: शेखावत

नयी दिल्ली, सात जून केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका (गहलोत का) मुख्य ध्यान अपनी 'कुर्सी' बचाने पर केंद्रित है, जबकि राज्य प्रगति के मामले में निचले पायदान पर खड़ा है।

शेखावत ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार केंद्र प्रायोजित योजनाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं को लागू करने में पूरी तरह विफल रही है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं जोधपुर से सांसद शेखावत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री गहलोत ने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों को रसोई गैस पर सब्सिडी और किसानों को 2,000 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा सिर्फ राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति तथा दलित और आदिवासी महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं से ध्यान हटाने के लिए की है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, ‘‘राजस्थान सरकार का ध्यान विकास की जरूरतों को पूरा करने की तुलना में 'कुर्सी' बचाने पर अधिक है, जिसके कारण राज्य आज प्रगति की दृष्टि से सबसे निचले पायदान पर खड़ा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की योजनाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य सरकार पूरी तरह विफल रही है।’’

शेखावत ने 2014 के बाद से मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए दावा किया कि केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के परिणामस्वरूप पिछले नौ वर्षों में लोगों के जीवन में जो बदलाव हुआ है, वह दिखता है और यह (लाभ) अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किये गये कार्यों को पूरा देश और दुनिया स्वीकार कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास' के दृष्टिकोण का परिणाम आज दिखाई दे रहा है। देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)