देश की खबरें | राजस्थान: गहलोत से मिलने पहुंचे करीब 25 विधायक

जयपुर, 27 सितंबर राजस्थान में राजनीतिक गहमागहमी के बीच कांग्रेस के करीब 25 विधायक एकजुटता का संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने मंगलवार शाम को उनके आवास पहुंचे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी किसी पद को लेकर कोई महत्वाकांक्षा नहीं है और उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी इस बारे में अगस्त में अवगत करा दिया था।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई और विधायकों ने मुख्यमंत्री के साथ वर्तमान राजनीतिक जमीनी हालात के बारे में बात की।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास पर गहलोत से मंगलवार को मिलने वाले विधायकों में मंत्री भंवर सिंह भाटी, सालेह मोहम्मद, अशोक चांदना एवं सुखराम विश्नोई और विधायक मीना कुमारी, रफीक खान, खुशवीर जोजावर, अमित चाचाण, मदन प्रजापत एवं जगदीश जांगिड़ शामिल हैं ।

सूत्रों ने कहा, ‘‘मंत्रियों समेत करीब 25 विधायकों ने आज (मंगलवार को) मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्थिति की जानकारी दी। अध्यक्ष के चुनाव के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई।’’

उन्होंने बताया कि गहलोत ने विधायकों से अपने क्षेत्रों में जाकर मजबूती से काम करने को कहा है।

राजस्थान में जारी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को दिल्ली गए।

राजस्थान में गहलोत के वफादार कई विधायकों ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई विधायक दल की बैठक से पहले इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पायलट को गहलोत के उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त करने के संभावित कदम के विरोध में इस्तीफा दिया।

गहलोत समर्थक विधायकों के खुले विद्रोह से नाराज सोनिया गांधी ने सोमवार को पार्टी पर्यवेक्षकों मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन से इस पर एक लिखित रिपोर्ट मांगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)