देश की खबरें | राजस्थान में बारिश का दौर थमा, सोमवार को नये विक्षोभ का अनुमान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के अनेक हिस्सों में दो दिन से जारी बारिश का दौर शनिवार को थम गया और राजधानी जयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर धूप खिलने से लोगों, विशेषकर किसानों, ने राहत की सांस ली।
जयपुर, एक अप्रैल राजस्थान के अनेक हिस्सों में दो दिन से जारी बारिश का दौर शनिवार को थम गया और राजधानी जयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर धूप खिलने से लोगों, विशेषकर किसानों, ने राहत की सांस ली।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सोमवार को सक्रिय हो सकता है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शनिवार को समाप्त हो गया और अब राज्य के अधिकांश भागों में मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है।
वहीं, तीन अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर संभाग एवं शेखावटी क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने एवं अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पांच अप्रैल से राज्य में पुनः मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
राज्य में बीते चौबीस घंटों के दौरान कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान, अजमेर के अराई में 48 मिलीमीटर, सीकर के नीमकाथाना में 33 मिलीमीटर, झुंझुनू के खेतड़ी में 31 मिलीमीटर, बीकानेर के डूंगरपुर में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
राज्य के अनेक इलाकों में बेमौसमी बरसात से फसलों को नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में हुई बेमौसम बरसात एवं ओलावृष्टि से विभिन्न जिलों में रबी की फसलों को लगातार हुए नुकसान का विशेष आकलन कराकर किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2023 05:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

