रेलवे ने पीपीई उत्पादन बढ़ाया
जमात

नयी दिल्ली, चार मई उत्तर रेलवे ने रविवार तक चिकित्सा पेशेवरों के लिए पूरे शरीर को ढंकने की 17 हजार पोशाक बनायीं और एक दिन में रिकॉर्ड दो हजार की संख्या में ऐसे पीपीई का उत्पादन किया गया है।

उत्तर रेलवे के प्रमुख यांत्रिक अभियंता अरूण अरोड़ा ने बताया कि रेलवे ने पिछले महीने इस तरह की 41 हजार इकाइयां बनाई थीं जिनमें से 12 हजार उत्तर रेलवे ने बनाई थी।

उत्तर रेलवे के प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘मई के पहले दो दिनों में भारतीय रेलवे ने छह हजार शरीर ढंकने वाली पोशाक बनायीं और उनमें हमारा योगदान तीन हजार का था।’’

यह उम्मीद है कि इस महीने उत्तर रेलवे की कार्यशालाएं 30 हजार से अधिक ऐसी पोशाकें बनाएंगी जिन्हें कोविड-19 के उपचार में लगे चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों को मुहैया कराया जाएगा।

अरोड़ा ने कहा कि उत्तर रेलवे की तरफ से बनायी गयी पोशाकों की कीमत प्रति इकाई 447 रुपये है जबकि बाजार में इनकी कीमत 805 रुपये है।

रेलवे ने 31 मई तक ऐसे एक लाख पीपीई बनाने का लक्ष्य रखा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)