राहुल बताएं कि कोविड-19 के खिलाफ अभियान में कांग्रेस ने क्या किया : भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अपने बयान में कहा, ‘‘सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिये बयानबाजी करना ठीक नहीं है, बल्कि राहुल को विपक्ष के जिम्मेदार नेता की भूमिका निभानी चाहिए ।’’
नयी दिल्ली, पांच मई भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को बताना चाहिए कि उनकी पार्टी क्या सिर्फ बयान देकर और भ्रम फैलाकर ही कोविड-19 से लड़ेगी ? भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता बताएं कि उनकी पार्टी ने कितने लोगों की चिंता की और भोजन, राशन अभियान चलाया ।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अपने बयान में कहा, ‘‘सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिये बयानबाजी करना ठीक नहीं है, बल्कि राहुल को विपक्ष के जिम्मेदार नेता की भूमिका निभानी चाहिए ।’’
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब राहुल गांधी ने किसी अर्थशास्त्री से बातचीत नहीं की और अब रघुराम राजन, अभिजीत बनर्जी से बातें करके जो कुछ बता रहें हैं, वे सुझाव के रूप में पहले से ही सरकार के पास हैं ।
हुसैन ने कहा, ‘‘सरकार एक ओर कोरोना वायरस से लड़ रही है तो दूसरी ओर गरीबों के लिए कल्याण के कार्य में जुटी हुई है।’’
राहुल पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी जो बातें कह रहे हैं और जो आरोप लगा रहे हैं....ये बातें तो कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी नहीं कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में कोविड-19 से निजात पाने में कोई टकराव नहीं है और विशेषज्ञों की राय लेकर केंद्र एवं राज्य मिलकर ‘टीम इंडिया’ की तरह काम कर रहे हैं।
हुसैन ने कांग्रेस नेता से सवाल किया कहा, ‘‘क्या वे सिर्फ बयान देकर और सिर्फ भ्रम फैलाकर कोरोना वायरस से लड़ेंगे ।’’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष के एक जिम्मेदार नेता के तौर पर उन्हें बताना चाहिए कि कितने लोगों की चिंता की, कितने लोगों को भोजन, पैकेट, सूखा राशन मुहैया कराया ? लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष इसके बारे में एक लाइन भी नहीं कहते हैं ।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सरकार जितने लोगों की मदद कर सकती है, वह कर रही है । राशन उपलब्ध करा रही है । केंद्र और राज्य मिलकर लोगों को उनके घर भी पहुंचाने काम कर रहे हैं ।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने मंगलवार को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी से बातचीत की जिसमें बनर्जी ने कांग्रेस की न्याय योजना का समर्थन किया है। लेकिन उनका कहना है कि इसे केवल गरीबों तक ही सीमित रखना चाहिए। बनर्जी ने अनाज वितरण की समस्या ने निपटने के लिए अस्थाई राशन कार्ड की वकालत की । इससे पहले राहुल ने आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन से संवाद किया था ।
जम्मू- कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकी हमले के मद्देनजर शिवसेना के सर्जिकल स्ट्राइक करने संबंधी बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि शिवसेना को ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए बल्कि भारतीय सेना पर भरोसा करना चाहिए । उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सक्षम है, उसने पहले भी पाकिस्तान को जवाब दिया है और आगे भी जवाब देगी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 06:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

