देश की खबरें | राहुल ने मणिपुर और राफेल को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा, भाजपा ने पलटवार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि राफेल के कारण उन्हें फ्रांस में ‘बैस्टिल’ दिवस परेड में शामिल होने का टिकट मिल गया तथा वह मणिपुर के मामले पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।
नयी दिल्ली, 14 जुलाई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि राफेल के कारण उन्हें फ्रांस में ‘बैस्टिल’ दिवस परेड में शामिल होने का टिकट मिल गया तथा वह मणिपुर के मामले पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।
इस पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि एक हताश वंशवादी नेता महत्वाकांक्षी अभियान ‘मेक इन इंडिया’ को बदनाम कर रहा है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर जल रहा है। यूरोपीय संघ की संसद ने भारत के आंतरिक मामले पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। इस बीच, राफेल के जरिये बैस्टिल दिवस परेड का टिकट मिल गया।’’
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया, ‘‘एक व्यक्ति जो भारत के आंतरिक मामलों में अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप चाहता है, एक हताश वंशवादी नेता जो 'मेक इन इंडिया' को बदनाम करता है, जब हमारे प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय सम्मान मिलता है, तो वह भारत का मजाक उड़ाता है। लोगों द्वारा खारिज किये जाने के बाद, वह इस बात से नाराज है कि रक्षा अनुबंध अब उनके दरवाजे पर नहीं पहुंच रहे हैं।’’
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी मणिपुर की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि लोगों के बुनियादी मुद्दों का समाधान करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है।
भारत ने मणिपुर की स्थिति पर यूरोपीय संघ की संसद में पारित किए गए एक प्रस्ताव को बृहस्पतिवार को ‘औपनिवेशिक मानसिकता’ से प्रेरित करार देते हुए खारिज कर दिया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था कि भारत के आंतरिक मामलों में इस तरह का हस्तक्षेप अस्वीकार्य है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)