एजेंसी न्यूज

राहुल गांधी के बयान से छेड़छाड़ का मामला: एंकर ने न्यायालय से तत्काल सुनवाई का आग्रह किया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बयान को गलत संदर्भ में दिखाते हुए एक खबर प्रसारित करने के आरोप में कुछ राज्यों में प्राथमिकियों का सामना कर रहे, एक समाचार चैनल के एंकर रोहित रंजन ने बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय से उनकी याचिका पर तत्काल सुनवाई का फिर से अनुरोध किया.

राहुल गांधी के बयान से छेड़छाड़ का मामला: एंकर ने न्यायालय से तत्काल सुनवाई का आग्रह किया
(Photo Credit : Twitter)

नयी दिल्ली, 7 जुलाई : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बयान को गलत संदर्भ में दिखाते हुए एक खबर प्रसारित करने के आरोप में कुछ राज्यों में प्राथमिकियों का सामना कर रहे, एक समाचार चैनल के एंकर रोहित रंजन ने बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय से उनकी याचिका पर तत्काल सुनवाई का फिर से अनुरोध किया. रंजन ने याचिका में कथित अपराध के लिये दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण की मांग की है. न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी और न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि इसे ‘‘भारत के प्रधान न्यायाधीश द्वारा सूचीबद्ध किए जाने का इंतजार किया जा रहा है.’’ पीठ ने कल बुधवार को पत्रकार की याचिका को सुनवाई के लिए बृहस्पतिवार को सूचीबद्ध किए जाने का आदेश दिया था. पीठ ने कहा, ‘‘ प्रधान न्यायाधीश द्वारा इसे सूचीबद्ध किए जाने का इंतजार है. हो सकता है कि यह मामला सुनवाई के लिए हमें न दिया जाए.’’

टीवी एंकर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि याचिका को आज सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किए जाने का निर्देश दिया गया था लेकिन इसे नियत कामकाज की सूची में नहीं रखा गया है. उन्होंने शुक्रवार को इसे किसी पीठ को सौंपे जाने का अनुरोध किया. पीठ ने कहा, ‘‘हम देखते हैं. मामले के दस्तावेज सीजेआई के पास है...मामले को भारत के प्रधान न्यायाधीश की मंजूरी के बाद कल के लिए सूचीबद्ध किया जाए.’’ टीवी एंकर रंजन के खिलाफ उच्चतम न्यायालय राहुल गांधी के बयान का छेड़छाड़ वाला वीडियो प्रसारित करने के लिए कुछ राज्यों में प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. एंकर की याचिका पर कल बुधवार को उच्चतम न्यायालय बृहस्पतिवार को सुनवाई करने के लिए राजी हो गया था. यह भी पढ़ें : आईआईटी-मद्रास ने कैंसर के लिए जिम्मेदार जीन्स का पता लगाने वाला उपकरण बनाया

गौरतलब है कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ पुलिस का एक दल रोहित रंजन को उनके घर से गिरफ्तार करने के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पहुंचा था लेकिन उन्हें नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और रात में ज़मानत पर रिहा कर दिया. इससे पहले, रंजन ने अपने टीवी कार्यक्रम में गांधी के बयान को ‘‘गलत संदर्भ में’’ उदयपुर हत्याकांड से ‘‘गलती से’’ जोड़कर दिखाने के लिए दो जुलाई को माफी मांगी थी. इससे एक दिन पहले कार्यक्रम प्रसारित किया गया था. रंजन ने ट्वीट किया था, ‘‘हमारे शो डीएनए में राहुल गांधी का बयान उदयपुर की घटना से जोड़कर गलत संदर्भ में चल गया था. यह एक मानवीय भूल थी, जिसके लिए हमारी टीम क्षमाप्रार्थी है. हम इसके लिए खेद जताते हैं.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2022 12:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).