एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गये लोगों को शहीद का दर्जा दिये जाने का आग्रह किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा देने का बृहस्पतिवार को आग्रह किया।

देश की खबरें | राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गये लोगों को शहीद का दर्जा दिये जाने का आग्रह किया

नयी दिल्ली, एक मई लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा देने का बृहस्पतिवार को आग्रह किया।

कांग्रेस नेता गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ खड़े हैं और उनकी इस मांग का समर्थन करते हैं कि पीड़ितों को शहीद का दर्जा दिया जाए।

गांधी ने पोस्ट में कहा, ‘‘मैं पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के दुख में और उन्हें शहीद का दर्जा दिए जाने की उनकी मांग के साथ खड़ा हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री से आग्रह है कि वह इस त्रासदी में जान गंवाने वालों को यह सम्मान देकर उनके परिवारों की भावनाओं का आदर करें।’’

रायबरेली से कांग्रेस सांसद ने बुधवार को कानपुर में पहलगाम हमले के पीड़ित के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी और कहा था कि वे पीड़ितों के लिए शहीद का दर्जा चाहते हैं।

कांग्रेस नेता ने बुधवार को पत्रकारों से कहा था, ‘‘मैं कानपुर में एक पीड़ित परिवार से मिला। उन्होंने मुझसे नरेन्द्र मोदी को एक संदेश भेजने को कहा। मैं उन सभी परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं - ‘प्रधानमंत्री जी, उन्होंने कहा है कि हमारे बच्चे शहीद हुए हैं। हम चाहते हैं कि आप उन्हें शहीद का दर्जा दें और सम्मान दें’।’’

गांधी ने कानपुर में शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की थी और कहा था कि विपक्ष पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रहा है।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2025 05:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).