एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राहुल गांधी असफल हो चुके हैं, उन्हें कोई स्वीकार नहीं कर रहा : उप्र के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए मंगलवार को कहा कि राहुल असफल हो चुके हैं और उन्हें कोई भी स्वीकार नहीं कर रहा है।’’

देश की खबरें | राहुल गांधी असफल हो चुके हैं, उन्हें कोई स्वीकार नहीं कर रहा : उप्र के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

लखनऊ, छह फरवरी उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए मंगलवार को कहा कि राहुल असफल हो चुके हैं और उन्हें कोई भी स्वीकार नहीं कर रहा है।’’

पाठक ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘ वह न्याय यात्रा नहीं है। वह किनारे-किनारे ही निकल लेंगे। पिछली बार भी किनारे-किनारे ही निकल गए थे। इसे हमारे गांव में कहते हैं... पतली गली से निकल लेना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ राहुल गांधी पूरी तरह से असफल हो चुके हैं। ‘री-लॉन्च’ करने का कारण सभी लोग समझते हैं कि वह असफल हो चुके हैं और उन्हें कोई स्वीकार नहीं कर रहा है।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। इस दौरान राहुल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की कई रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।

उप मुख्यमंत्री ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के बारे में तंज करते हुए कहा, ‘‘ जब यह गठबंधन बना था तभी मैंने कहा था कि यह नयी ‘पैकिंग’ में पुराना माल है। यह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग)- एक और संप्रग-दो में भ्रष्टाचार और कदाचार में आकंठ डूबे रहे लोगों का एक समूह है। यह सत्ता लोभी और कुर्सी के भूखे लोगों का समूह है। देश और प्रदेश की जनता से इनका कोई सरोकार नहीं है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से हम बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने में सफल हुए हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि गरीब कल्याण योजनाओं ने जन-जन का भरोसा जीता है और उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने में भारतीय जनता पार्टी कामयाब हुई है।’’

पाठक ने दावा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘‘उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीट पर प्रचंड बहुमत’’ से जीत हासिल करेगी।

उत्तराखंड सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर विधानसभा में विधेयक पेश किये जाने पर पाठक ने कहा, ‘‘ भाजपा के संकल्प पत्र में आपने समय-समय पर यूसीसी लागू करने के विचार को देखा होगा। शीघ्र ही आपको सूचना मिलेगी।’’

हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2024 01:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).