एजेंसी न्यूज

जरूरतमंदों की मदद के लिये राही की पहल, खाने के दस लाख पैकेट वितरित किये

राही के वक्तव्य के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान उसने पका खाना और बिना पके राशन के 10 लाख पैकेट जरूरतमंद लोगों को वितरित किये है।

जरूरतमंदों की मदद के लिये राही की पहल, खाने के दस लाख पैकेट वितरित किये
जमात

नयी दिल्ली, आठ मई अंतरराष्ट्रीय गैर- सरकारी संगठन (एनजीओ) राइज अगेंस्ट हंगर इंडिया (राही) ने कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये लागू लॉकडाउन के दौरान दिहाड़ी मजदूरों, निर्माण कार्य करने वालों और रेहड़ी खोमचा लगाने वाले जरूरतमंद लोगों को 10 लाख खाने के पैकेट वितरित किये।

राही के वक्तव्य के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान उसने पका खाना और बिना पके राशन के 10 लाख पैकेट जरूरतमंद लोगों को वितरित किये है।

राइज अगेन्स्ट हंगर इंडिया के कार्यकारी निदेशक डोला महापात्रा ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस महामारी ने हमारे समाज के निचले आर्थिक तबके को प्रभावित किया है। हम उन्हें भोजन तथा राशन के पैकेट प्रदान कर रहे हैं। अब तक हमने महामारी से प्रभावित लोगों को 10 लाख से अधिक पैकेट की आपूर्ति की है।”

संगठन ने अगले 6-8 सप्ताह में ऐसे लोगों को 15 लाख अतिरिक्त खाने व राशन के पैकेट मुहैया कराने की योजना तैयार की है।

दिल्ली स्थित उद्यमी और प्रकृति ई-मोबिलिटी के संस्थापक विकास बंसल भी वंचितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिये राही के साथ जुड़े हैं। उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के दौरान 75 कवितायें लिखकर एक पुस्तक तैयार की है। उनका कहना है कि इस पुस्तक की बिक्री से जितनी राशि प्राप्त होगी उतनी ही राशि और मिलाकर वह गरीबों को भोजन के लिये उपलब्ध करायेंगे।

राही के कार्यकारी निदेशक डोलामोहपात्र ने विकास बंसल के समर्थन के लिये उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि कोविड- 19 से प्रभावित लोगों को उनकी मदद से दस हजार खाने के पैकेट उपलब्ध कराये जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 08:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).