नयी दिल्ली, दो मई भारत और फ्रांस के राफेल लड़ाकू विमान फ्रांस के मोंट-डे-मार्सन एअरबेस पर बहुराष्ट्रीय अभ्यास के तहत संयुक्त रूप से हवाई अभ्यास कर रहे हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट शिवांगी सिंह भारतीय टीम का हिस्सा हैं जो ओरियन अभ्यास में भाग ले रही हैं।
जनवरी में, स्क्वाड्रन लीडर अवनी चतुर्वेदी ने विदेश में हवाई युद्धाभ्यास में भाग लेने वाली भारतीय वायुसेना की पहली महिला लड़ाकू पायलट बनकर इतिहास रचा था। वह एसयू-30 एमकेआई लड़ाकू विमान की पायलट हैं।
भारत ने फ्रांस में 17 अप्रैल से शुरू हुए तीन सप्ताह के बहुराष्ट्रीय अभ्यास के लिए चार राफेल विमान, दो सी-17 विमान और हवा में ईंधन भरने वाले दो आईएल-78 भेजे हैं।
यह भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों के लिए पहला विदेशी अभ्यास है।
भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन ने ट्वीट किया, ‘‘जैसा कि फ्रांस और भारतीय वायुसेना दोनों ही राफेल विमान उड़ाती हैं, यह मिलकर काम करने के नए अवसरों के द्वार खोलता है।’’
अभ्यास में जर्मनी, यूनान, इटली और स्पेन सहित कई अन्य देशों की वायुसेना भाग ले रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY