देश की खबरें | मानसून के मौसम के बाद पीडब्ल्यूडी दिल्ली में प्रमुख सड़कों की मरम्मत करेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मानसून का मौसम खत्म होने के बाद शहर की प्रमुख सड़कों की पूरी तरह मरम्मत करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मानसून का मौसम खत्म होने के बाद शहर की प्रमुख सड़कों की पूरी तरह मरम्मत करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य सड़कों की स्थिति में सुधार करना है, जो बरसात के मौसम में व्यापक जलभराव और भारी वर्षा के कारण खराब हो जाती है।
बाहरी रिंग रोड पर आईआईटी फ्लाईओवर के नीचे की सड़क का एक बड़ा हिस्सा शनिवार को दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की भूमिगत पाइपलाइन के रिसाव के कारण ढह गया था। इसकी मरम्मत और सड़क पर वाहनों के आवागमन को शुरू करने के लिए विभाग ने रात भर काम किया था।
पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता शशि कांत ने कहा, “मानसून के मौसम की समाप्ति के बाद शहर की प्रमुख सड़कों की पूरी तरह से मरम्मत की जाएगी। इसमें मुख्य तौर पर मरम्मत और अन्य रखरखाव कार्य शामिल होंगे।”
उन्होंने कहा कि कई सड़कों और फ्लाईओवरों की मरम्मत की जरूरत है, लेकिन यह मानसून के समाप्त होने के बाद ही किया जा सकता है। 2019 में पीडब्ल्यूडी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) द्वारा किए गए एक अध्ययन के अनुसार, शहर के कई फ्लाईओवरों को मरम्मत की सख्त जरूरत है। उनमें से कुछ संरचनाओं की मरम्मत की गई थी लेकिन अधिकतर फ्लाईओवर पर काम किया जाना बाकी है।
पीडब्ल्यूडी शहर में 1,260 किलोमीटर से अधिक मुख्य सड़कों का प्रबंधन करता है, जो 60 फुट से अधिक चौड़ी है।
पीडब्ल्यूडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विभाग मरम्मत कार्य करता रहता है लेकिन वे या तो छोटे होते हैं या आम तौर पर जरूरत पर आधारित होते हैं। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी को खराब सड़कों, गड्ढों की शिकायतें मिल रही हैं और सड़क के टूटने की घटना भी देखी गई है, इसलिए पूरी तरह से जांच और मरम्मत कार्य करने की आवश्यकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)