पुरंदरे की कृतियों के कारण भावी पीढ़ी शिवाजी से और जुड़ी रहेगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाने माने इतिहासकार बलवंत मोरेश्वर पुरंदरे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि उनके निधन से इतिहास एवं संस्कृति की दुनिया में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है.
नई दिल्ली, 15 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने जाने माने इतिहासकार बलवंत मोरेश्वर पुरंदरे (Balwant Moreshwar Purandare) के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि उनके निधन से इतिहास एवं संस्कृति की दुनिया में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है. उन्होंने कहा कि पुरंदरे के कारण भावी पीढ़ी मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी से और जुड़ी रहेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल में, कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं अपने दु:ख को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता. शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे के निधन ने इतिहास एवं संस्कृति की दुनिया में एक बड़ा खालीपन पैदा कर दिया है। पुरंदरे के कारण भावी पीढ़ी छत्रपति शिवाजी महाराज से और जुड़ी रहेगी. उनके अन्य कार्य भी सदैव याद रखे जाएंगे.’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि पुरंदरे मजाकिया एवं बुद्धिमान थे और उन्हें भारतीय इतिहास का काफी ज्ञान था.
उन्होंने एक समारोह के अपने संबोधन का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ पिछले कुछ वर्षों में मुझे उनसे अत्यंत निकटता से बात करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था. कुछ महीने पहले, उनके शताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित किया था.’’मोदी ने कहा कि अपने व्यापक कार्यों के कारण पुरंदरे हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने पुरंदरे के परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट की.
जाने माने इतिहासकार और पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित बलवंत मोरेश्वर पुरंदरे का सोमवार को पुणे के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह 99 वर्ष के थे.बाबासाहेब पुरंदरे के नाम से लोकप्रिय इतिहासकार कुछ समय से बीमार थे. पुरंदरे की अधिकतर कृतियां मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से संबंधित हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2021 09:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

