देश की खबरें | पंजाब के मुख्यमंत्री बने हॉकी के गोलकीपर, अपने खेल मंत्री परगट सिंह की रोकी गेंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी रविवार को यहां कटोच हॉकी स्टेडियम में गोलकीपर के तौर पर मैदान में उतरे और अपने खेल मंत्री व भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह की गेंदों को बखूबी रोका।
जालंघर(पंजाब), 31 अक्टूबर पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी रविवार को यहां कटोच हॉकी स्टेडियम में गोलकीपर के तौर पर मैदान में उतरे और अपने खेल मंत्री व भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह की गेंदों को बखूबी रोका।
इससे पहले शनिवार को भी मोहाली में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने हॉकी के खेल में हाथ आजमाया था। वहां भी वह गोलकीपर के तौर पर मैदान में उतरे थे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यहां स्टेडियम में खेले जा रहे एक मैच के दौरान एक आयोजक ने मुख्यमंत्री से खेलने का आग्रह किया।
चन्नी ने जवाब देने में देर नहीं की और एक गोलकीपर की भूमिका निभाई, जबकि उनके कैबिनेट सहयोगी और पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी परगट सिंह ने गोल दागने के प्रयास किये।
चन्नी और सिंह जैसे ही मैदान में उतरे और अपना कौशल दिखाया, स्टेडियम में मौजूद लोगों ने ताली बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
आधिकारिक बयान के मुताबिक सिंह ने गोलपोस्ट की ओर पांच बार गेंद भेजी, जबकि चन्नी ने गेंदों का तीन बार सफलतापूर्वक बचाव किया।
उन्होंने उन खिलाड़ियों द्वारा किए गए कुछ हिट का भी बचाव किया जो हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक में पुरुषों की राष्ट्रीय हॉकी टीम का हिस्सा थे।
चन्नी ने बाद में कहा कि यह उनके जीवन का एक उल्लेखनीय दिन है क्योंकि उनकी युवावस्था की यादें ताजा हो गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल ही एक ऐसा माध्यम है जिससे युवाओं की असीम ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में प्रवाहित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
चन्नी ने कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
सिंह ने पूर्व खिलाड़ियों के साथ भी हॉकी खेली और अपना ‘ड्रिब्लिंग’ (सामने वाले खिलाड़ी को छकाते हुए गेंद को लेकर आगे बढ़ना) कौशल दिखाया। सिंह की कप्तानी में अटलांटा ओलंपिक में खेलने वाले हरप्रीत सिंह मंदर और संजीव कुमार भी इस दौरान मौजूद थे।
चन्नी, पिछले महीने पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता की रस्साकशी के बीच अमरिंदर सिंह के असमय इस्तीफा देने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री बने थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2021 08:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

