देश की खबरें | पंजाब: विदेश से चलाए जा रहे वसूली गिरोह के तीन बदमाश मुठभेड के बाद गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के होशियारपुर में पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया था जिसके एक दिन बाद यह खुलासा हुआ है कि वे विदेश से संचालित एक वसूली गिरोह का हिस्सा हैं। पुलिस ने रविवार को इस बात की जानकारी दी।
होशियारपुर, नौ जुलाई पंजाब के होशियारपुर में पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया था जिसके एक दिन बाद यह खुलासा हुआ है कि वे विदेश से संचालित एक वसूली गिरोह का हिस्सा हैं। पुलिस ने रविवार को इस बात की जानकारी दी।
होशियारपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर भीलोवाल गांव में शनिवार को मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गोली लगी थी जबकि एक को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया था।
जालंधर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक स्वप्न शर्मा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाश मनराज राज, नवजोत सिंह और रविंदर सिंह विदेश से चलाए जा रहे एक वसूली और डकैती गिरोह के लिए काम करते हैं, जिसका सरगना बलविंदर सिंह है।
शर्मा ने कहा कि बलविंदर सिंह भारत में 18 मामलों में वांछित है और कथित रूप से अवैध तरीके से विदेश भागा हुआ है। उन्होंने कहा कि विदेश जाकर उसने (बलविंदर) यहां अपने साथियों के साथ मिलकर वसूली गिरोह शुरू किया था।
पुलिस ने कहा कि घटना वाले दिन पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी की एक व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह तीनों भीलोवाल के एक घर में आने वाले हैं, जिसके आधार पर जाल बिछाया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस घात लगाकर आरोपियों का इंतजार करने लगी और तीनों बदमाश एक कार से आए और घर के बरामदे में दाखिल हुए। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उनसे रुकने के लिए कहा लेकिन उन्होंने (बदमाशों) पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में चब्बेवाल के 26 वर्षीय मनराज राज और जियां गांव के 24 वर्षीय नवजोत सिंह को गोलियां लगीं। तीसरे बदमाश जियां गांव के निवासी रविंदर सिंह को सकुशल गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि मनराज राज और नवजोत सिंह को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा कि भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत चब्बेवाल पुलिस थाने में बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कहा कि वह बलविंदर सिंह के निर्देशों पर वसूली किया करते थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इससे पहले नवजोत सिंह पर पांच और मनराज राज पर दो मामले दर्ज हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)