देश की खबरें | पंजाब: ‘आप’ के राम पाल उप्पल फगवाड़ा के महापौर बने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार राम पाल उप्पल को शनिवार को फगवाड़ा नगर निगम का नया महापौर चुना गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
फगवाड़ा, एक फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार राम पाल उप्पल को शनिवार को फगवाड़ा नगर निगम का नया महापौर चुना गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पार्षद उप्पल कांग्रेस छोड़कर 28 जनवरी को ‘आप’ में शामिल हुए थे। उन्होंने महापौर पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार संजीव बग्गा को हराया।
उन्होंने बताया कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) छोड़कर ‘आप’ में शामिल हुए पार्षद तेजपाल बसरा को वरिष्ठ उप महापौर चुना गया, जबकि विपन कृष्ण को उप महापौर चुना गया।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने इससे पहले सेवानिवृत्त न्यायाधीश हरबंस लाल को महापौर चुनाव के लिए स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
वहीं, कांग्रेस ने ‘आप’ पर लोकतंत्र के मानदंडों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के पार्षदों और उनके समर्थकों ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह के बाहर प्रदर्शन कर ‘आप’ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस बीच, ‘आप’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि पार्षदों ने ‘आप’ के महापौर को चुन कर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर फगवाड़ा के विकास को प्राथमिकता दी है।
‘आप’ के उम्मीदवार को महापौर चुने जाने के बाद अरोड़ा ने पार्टी के सांसद राज कुमार चब्बेवाल के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है।
अरोड़ा ने कहा कि हाल ही में 46 नगर निगमों, परिषदों और पंचायतों के लिए हुए चुनावों में ‘आप’ को 41 स्थानों पर स्पष्ट बहुमत मिला है और यहां तक कि अन्य स्थानों पर भी पार्षदों ने अपने शहर के विकास के लिए ‘आप’ के महापौर को चुना है।
अरोड़ा ने फगवाड़ा के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं फगवाड़ा के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम दलगत राजनीति से ऊपर उठकर फगवाड़ा के विकास को प्राथमिकता दें।’’
उन्होंने बताया, ‘‘मैं विपक्षी दलों के पार्षदों से भी अपील करता हूं कि वे यह सोचकर निराश न हों कि उनकी पार्टी का महापौर सत्ता में नहीं है। आप अपने मुद्दे हमारे महापौर के सामने रख सकते हैं और वह उनका समाधान भी करेंगे। हम समावेशी विकास में विश्वास करते हैं।’’
अरोड़ा ने बताया कि चुनाव के दौरान फगवाड़ा के लोगों से वादा की गई पांच ‘‘गारंटियों’’ को लागू किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)