देश की खबरें | पंजाब: पुलिस ने कंडक्टर के लूटपाट के दावे को खारिज किया

लुधियाना, एक जून पुलिस ने बंदूक के दम पर तीन लुटेरों द्वारा लूटपाट किए जाने के सरकारी बस के कंडक्टर के दावे को बुधवार को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई।

कंडक्टर ने आरोप लगाया कि आज सुबह जब वह लुधियाना टोल प्लाजा पर बस के बाहर खड़ा था तो तीन अज्ञात लोगों ने बंदूक दिखाकर उससे दस हजार रुपये लूट लिए। उसने दावा किया कि दो लुटेरे मोटरसाइकिल पर और एक लुटेरा अन्य स्कूटर पर सवार था।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि तीन युवकों ने पेप्सू राज्य परिवहन निगम (पीआरटीसी) की बस को रोका और कंडक्टर को गालियां दीं, जिसके बाद कहासुनी हो गई।

पुलिस आयुक्त कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि बंदूक दिखाकर किसी प्रकार की लूट या बस का अपहरण किए जाने की घटना नहीं हुई।

पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर विपक्षी दलों के कई नेताओं द्वारा आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार को आड़े हाथ लिए जाने के बाद पुलिस ने बयान जारी किया और घटना की एक सीसीटीवी फुटेज जारी की।

पुलिस अधिकारियों ने घटना की सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए कहा कि किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही कोई सामान छीना गया। उन्होंने बताया कि बस लुधियाना से जालंधर जा रही थी।

तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिए जाने की जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त ने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने को कहा।

इससे पहले आज पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कथित घटना को राज्य में ‘‘जंगल राज’’ का उदाहरण बताया।

सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पंजाब में जंगल राज! पिछले दो दिनों में नौ हत्याएं। लुधियाना के पास दिनदहाड़े एक व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर हथियारबंद लुटेरों ने एक बस को हाईजैक कर लूट लिया। भगवंत मान सरकार विनाशकारी साबित हो रही है। पूरे पंजाब में डर का माहौल है।’’

वहीं, कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी पोस्ट किया, ‘‘पूरी तरह अराजकता, क्योंकि पंजाब में कानून और व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। लुधियाना-जालंधर राजमार्ग पर आज दिनदहाड़े बंदूक दिखाकर बस को हाईजैक कर यात्रियों से लूटपाट की गई। जहां आम आदमी डर से कांप रहा है, और अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। भगवंत मान जंगलराज का नेतृत्व करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)