देश की खबरें | पंजाबः पुलिस ने लुधियाना में साइबर अपराध गिरोह का किया भंडाफोड, तीन गिरफ्तार

लुधियाना (पंजाब), 16 मई पंजाब पुलिस ने एक साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ कर मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए लुधियाना पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने एक वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में तकनीकी विवरण एकत्र किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान एक ‘कस्टमाइज्ड’ फर्जी एप के जरिए 'ऑनलाइन ट्रेडिंग' के नाम पर किया जा रहा एक बड़ा घोटाला सामने आया।

उन्होंने बताया कि जालसाज ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अधिक व जल्दी मुनाफा दिलाने के बहाने लोगों को फुसलाते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ धोखाधड़ी करने के इरादे से शुरू से ही आरोपी हर व्यक्ति को एप का इस्तेमाल करने के लिए एक आईडी और पासवर्ड देने से पहले दो चेक मांगते थे।’’

सिद्धू ने बताया कि लोगों से नकदी मिलने के बाद एप में लोगों के खाते में वहीं राशि दिखाई जाती थी जबकि वास्तव में किसी भी लेन-देन पर पर कोई व्यापार नहीं किया जाता था।

उन्होंने बताया कि लोगों को यह विश्वास दिलाया गया कि वह एप के जरिए ट्रेडिंग कर अच्छी कमाई कर रहे हैं। जब लोग अपने ‘रिटर्न’ (मुनाफा राशि) की मांग करते तो आरोपी उनकी आईडी और पासवर्ड बदल देते। इसके बाद जालसाज उनके चेक का इस्तेमाल करने की धमकी देकर लोगों से अधिक भुगतान करने की मांग करते। इस तरह वे लोगों से भारी राशि वसूलते।

सिद्धू ने बताया कि आरोपियों से 40.62 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं। साथ ही बैंक खातों में 30.80 लाख रुपए की राशि 'फ्रीज' की गई है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा कई लैपटॉप, कंप्यूटर, सोने तथा हीरे के आभूषण, कुछ लग्जरी कार, 135 चेक और कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सिद्धू ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गिरोह के सरगना अनिल जैन, सनी कुमार और करमजीत कौर के तौर पर हुई है। दो अन्य आरोपी फरार हैं।

आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)