देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने दो हवाला ऑपरेटर को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़, 16 मार्च पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अवैध वित्तीय लेन-देन में मदद करने के आरोप में दो हवाला ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने दोनों के पास से 17.60 लाख रुपये नकद और एक लैपटॉप जब्त किया, जिसमें लेनदेन का महत्वपूर्ण ब्योरा था।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि मादक पदार्थ गिरोह पर निर्णायक कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहात पुलिस ने दो हवाला ऑपरेटर सुखजीत सिंह और रणबीर सिंह को गिरफ्तार किया है, जो मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अवैध वित्तीय लेनदेन में मदद करते थे।

यादव ने बताया कि अमृतसर में स्थानीय पुलिस द्वारा 561 ग्राम हेरोइन जब्त किए जाने के मामले की जांच के दौरान ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

इस बीच पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सतिंदर सिंह ने बताया कि यह सफलता गहन जांच और काफी छानबीन के बाद मिली।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने गुरसाहिब सिंह और जसवंत सिंह को गांव हरदो रतन के पास पकड़ा और उनके पास से 561 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

सतिंदर सिंह ने बताया कि अमृतसर देहात पुलिस द्वारा 561 ग्राम हेरोइन जब्त करने के मामले में जारी जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने दो हवाला ऑपरेटर - सुखजीत सिंह और रणबीर सिंह - तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अपने अन्य संबंधों का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी (हवाला ऑपरेटर) मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अवैध वित्तीय लेनदेन में मदद कर रहे थे।

डीआईजी ने कहा कि इस मामले में जांच जारी है आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने और बरामदगी की संभावना है।

उन्होंने यह भी कहा कि अगले कुछ दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और भी मादक पदार्थ जब्त किया जा सकता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर देहात मनिंदर सिंह ने कहा कि विश्वसनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अमृतसर के छेहरटा क्षेत्र से दोनों हवाला ऑपरेटर को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से भारतीय और विदेशी मुद्रा के साथ-साथ एक लैपटॉप भी बरामद किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)