देश की खबरें | पंजाब: व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या को लेकर विपक्षी दलों ने आप सरकार की आलोचना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के अबोहर में मोटरसाइकिल सवार कुछ अज्ञात लोगों द्वारा एक व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या किए जाने को लेकर राज्य के विपक्षी दलों ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा।
चंडीगढ़, सात जुलाई पंजाब के अबोहर में मोटरसाइकिल सवार कुछ अज्ञात लोगों द्वारा एक व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या किए जाने को लेकर राज्य के विपक्षी दलों ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा।
राजनीतिक दलों ने कहा कि इस घटना ने फिर से उजागर किया है कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की।
इससे पहले दिन में, पुलिस ने बताया कि व्यस्त बाजार में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने एक व्यापारी की गोलीमार हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि ‘न्यू वियर वेल जेंट्स टेलर’ शोरूम के सह-मालिक संजय वर्मा को हमलावरों ने अबोहर के व्यस्त व्यावसायिक इलाके भगत सिंह चौक के पास दिनदहाड़े गोली मारी।
पुलिस ने बताया कि वर्मा जैसे ही शोरूम के पास अपनी कार से बाहर निकले, तभी अज्ञात लोगों ने उन पर कई गोलियां चला दीं।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद तीनों हमलावरों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस ने बताया कि वे कुछ दूर तक भागे, फिर वे एक यात्री से एक अन्य मोटरसाइकिल छीनकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि वर्मा को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
व्यापारियों के कई संघों ने हत्या के विरोध में बाजार पूरी तरह बंद रखने का आह्वान किया है।
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘अबोहर में द न्यू वियर वेल टेलर्स के मालिक संजय वर्मा की दिनदहाड़े हुई हत्या मौजूदा जंगल राज को दर्शाती है। व्यवसायी और चिकित्सक, कलाकार और एथलीट सहित पेशेवर लोग जबरन वसूली करने वालों से गंभीर खतरों का सामना कर रहे हैं।’’
भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘ऐसी हर हत्या के बाद आप सरकार की चुप्पी से गैंगस्टरों का हौसला बढ़ता है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाबियों को बताना चाहिए कि पंजाब के नाम पर इस कलंक के लिए कौन जिम्मेदार है।’’
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मान के इस्तीफे की मांग की।
बाजवा ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री भगवंत मान को इस्तीफा दे देना चाहिए। पंजाब की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। सरकार को आगामी विधानसभा सत्र में सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर चर्चा करनी चाहिए।’’
कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब ‘गैंगलैंड’ (गिरोहों की भूमि) में तब्दील हो रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 09:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

