चंडीगढ़, चार नवंबर मालगाड़ी सेवा स्थगित करने को लेकर पंजाब कांग्रेस के सांसद बृहस्पतिवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल से मिलेंगे। मालगाड़ियों की सेवा स्थगित करने से राज्य में बिजली संकट आ गया है और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने बुधवार को बताया कि वह और सांसद प्रणीत कौर, जसबीर सिंह गिल, संतोख चौधरी, मोहम्मद सादिक, मनीष तिवारी और गुरजीत सिंह औजला गोयल से मिलेंगे।
सिंह ने बताया कि कांग्रेस सांसदों की केंद्रीय मंत्री अमित शाह से शनिवार को मुलाकात का कार्यक्रम है।
फतेहगढ़ साहिब से सांसद ने कहा कि सांसद रेलवे द्वारा राज्य में मालगाड़ियों को नहीं चलाने का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे कोयला, उर्वरक और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
कांग्रेस सांसद राज्य से संबंधित विभिन्न अहम मुद्दों पर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा करने के लिए बीते कुछ दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।
सिंह ने कहा कि मालगाड़ियों की सेवा स्थगित करने से ताप विद्युत संयंत्रों में कोयले की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
सरकारी बिजली कंपनी ने कहा है कि मांग और आपूर्ति में अंतर आने की वजह से वह बिजली कटौती करेगी।
सिंह के मुताबिक, कृषि क्षेत्र में यूरिया और डीएपी (डायमोनियम फॉस्फेट) की भारी कमी है। राज्य उद्योग के करीब 15000 कंटेनर फंस गए हैं और टाट के बोरों की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है जिससे बाजार में पहुंची धान की फसल को उठाने पर असर पड़ेगा।
उन्होंने पीटीआई से कहा, " रेलवे देश की जीवनरेखा है और हम चाहते हैं कि इसका संचालन शुरू हो।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY