देश की खबरें | पंजाब सरकार ने काम रोकने पर 14 राजस्व अधिकारियों को निलंबित किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब सरकार ने प्रदर्शन कर रहे राजस्व अधिकारियों को संपत्ति निबंधीकरण का काम फिर शुरू करने की चेतावनी देने के कुछ घंटे बाद मंगलवार शाम को 14 ऐसे अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
चंडीगढ़, चार मार्च पंजाब सरकार ने प्रदर्शन कर रहे राजस्व अधिकारियों को संपत्ति निबंधीकरण का काम फिर शुरू करने की चेतावनी देने के कुछ घंटे बाद मंगलवार शाम को 14 ऐसे अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
राज्य सरकार ने आज दिन में कहा था कि अधिकारी अपने काम पर लौट आएं अन्यथा निलंबन का सामना करने के लिए तैयार रहें।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) अनुराग वर्मा के एक आदेश के अनुसार पांच तहसीलदार और नौ नायब तहसीलदार को निलंबित किया गया है।
आदेश के मुताबिक इनमें से छह-छह अधिकारी मोगा और मुक्तसर जिलों में पदस्थ थे और दो फिरोजपुर जिले में कार्यरत थे।
राज्य सरकार का यह सख्त आदेश पंजाब राजस्व अधिकारी संघ द्वारा लुधियाना में धोखाधड़ी वाले भूमि सौदे में कुछ राजस्व अधिकारियों के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो की कार्रवाई के विरोध में संपत्ति निबंधीकरण (रजिस्ट्रेशन) कार्य को सात मार्च तक स्थगित किये जाने की कार्रवाई के एक दिन बाद जारी किया गया है।
राजस्व अधिकारी सोमवार को सामूहिक अवकाश पर चले गए थे, जिससे संपत्ति निबंधीकरण कार्य प्रभावित हुआ और लोगों को असुविधा हुई।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी संपत्ति निबंधीकरण कार्य न करने के लिए राजस्व अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)