देश की खबरें | पंजाब : साथियों की रिहाई की मांग कर रहे किसानों ने रेल पटरियों पर धरना दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा सीमा के पास पटियाला जिले में रेल पटरियों पर बैठ गए। वे लोग हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन किसानों की रिहाई की मांग कर रहे थे।
चंडीगढ़, 17 अप्रैल संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा सीमा के पास पटियाला जिले में रेल पटरियों पर बैठ गए। वे लोग हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन किसानों की रिहाई की मांग कर रहे थे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शंभू रेलवे स्टेशन पर किसानों के धरने के कारण कई रेलगाड़ियों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
किसान मजदूर मोर्चा नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि हरियाणा प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया था कि गिरफ्तार किसानों को 16 अप्रैल तक रिहा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "जब हमारे किसानों को रिहा नहीं किया गया, तो हमने रेल पटरियों पर धरना देने का फैसला किया।"
मौजूदा किसान आंदोलन के दौरान नवदीप सिंह समेत तीन किसानों को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रेल पटरियों की ओर जाने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन किसान जबरन आगे बढ़ गए और पटरियों पर बैठ गए।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी मांगों में फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी भी शामिल है।
किसान 13 फरवरी से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमा पर डेरा डाले हुए हैं, जब सुरक्षा बलों ने उनके मार्च को रोक दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2024 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

