ताजा खबरें | पंजाब चुनाव: आम आदमी पार्टी के मत प्रतिशत में अभूतपूर्व वृद्धि, कांग्रेस का निराशाजनक प्रदर्शन
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब विधानसभा चुनाव में तीन-चौथाई बहुमत हासिल किया है और उसके हिस्से में 42 प्रतिशत वोट आए हैं, जो 2017 के चुनाव की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है।
चंडीगढ़, 10 मार्च आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब विधानसभा चुनाव में तीन-चौथाई बहुमत हासिल किया है और उसके हिस्से में 42 प्रतिशत वोट आए हैं, जो 2017 के चुनाव की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है।
पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी आप ने कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जैसी बड़ी पार्टियों को काफी पीछे छोड़ दिया।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पंजाब चुनाव में आप का मत प्रतिशत 42.01 फीसद रहा है, जो पिछले चुनाव में 23 प्रतिशत रहा था।
वहीं, कांग्रेस के मत प्रतिशत में भारी गिरावट आई है। शिरोमणि अकाली दल के मत प्रतिशत में भी लगभग 7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
कांग्रेस 18 सीट जीतकर दूसरे स्थान पर रही। पार्टी का मत प्रतिशत 22.98 फीसद रहा, जो 2017 के चुनाव में 38.5 प्रतिशत रहा था। साल 2017 में पार्टी ने 77 सीट पर जीत हासिल कर सरकार बनाई थी।
भाजपा और शिअद ने चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन किया। भाजपा ने जहां दो सीट पर तो वहीं शिअद ने तीन सीट पर जीत हासिल की।
शिअद का मत प्रतिशत 2017 में 25.2 प्रतिशत रहा था, जो इस बार गिरकर 18.38 प्रतिशत रह गया। पार्टी 2017 में केवल 15 सीट जीतकर तीसरे स्थान पर खिसक गई थी। उससे पहले के 10 साल पार्टी पंजाब की सत्ता पर काबिज रही थी।
भाजपा ने भले ही अपने गठबंधन साझेदार पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद (संयुक्त) के साथ निराशाजनक प्रदर्शन किया हो, लेकिन उसके मत प्रतिशत में वृद्धि हुई है। साल 2017 के चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत 1.5 प्रतिशत रहा था, जो अब बढ़कर 1.77 प्रतिशत हो गया है। हालांकि, पार्टी तीन सीट से घटकर दो सीट पर आ गई है।
पंजाब में 20 फरवरी को हुए चुनाव में 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)