देश की खबरें | पंजाब : ईडी ने धन शोधन मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री, अन्य के परिसरों में छापेमारी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित निविदा घोटाले से संबंधित धन शोधन मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता भारत भूषण आशु और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों में छापेमारी कर छह करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां और बैंकों में जमा राशि जब्त की। जांच एजेंसी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 26 अगस्त प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित निविदा घोटाले से संबंधित धन शोधन मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता भारत भूषण आशु और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों में छापेमारी कर छह करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां और बैंकों में जमा राशि जब्त की। जांच एजेंसी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ईडी ने बताया कि यह छापेमारी 24 अगस्त को पंजाब में 25 स्थानों पर की गई थी। इस दौरान पूर्व मंत्री के परिसरों में तलाशी ली गई।
जांच एजेंसी ने बताया कि 'लुधियाना इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट' (एलआईटी) के पूर्व अध्यक्ष रमन बालासुब्रमण्यम और कुछ अन्य लोगों के परिसरों में भी छापेमारी की गई। इन लोगों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पंजाब सरकार में पूर्व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री आशु वर्तमान में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि अलग-अलग व्यक्तियों के बैंक खातों में 4.81 करोड़ रुपये रखे पाये गये हैं। प्रथमदृष्टया इनकी पहचान अपराध की आय के रूप हुई है। बयान के अनुसार चार बैंक लॉकरों के साथ लगभग 1.54 करोड़ रुपये की पांच अचल संपत्तियों को जब्त किया गया है।
इसमें कहा गया, ''विभिन्न परिसरों से आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और लगभग 30 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा भी जब्त की गई।''
ईडी ने कहा कि धनशोधन मामले की जांच राज्य सरकार की परिवहन और श्रम कार्टेज नीति, 2021 से संबंधित पंजाब सतर्कता ब्यूरो की प्राथमिकी और फर्जी व्यक्तियों को भूखंडों के आवंटन के संबंध में एलआईटी "घोटाले" से संबंधित शिकायतों के बाद दर्ज की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2023 03:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

