देश की खबरें | पंजाब: सीमा पार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 12 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के अमृतसर जिले में पुलिस ने तीन लोगों के पास से 12 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 10 अगस्त पंजाब के अमृतसर जिले में पुलिस ने तीन लोगों के पास से 12 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने कुछ मादक पदार्थ तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन की खेप हासिल किए जाने की पुख्ता सूचना मिलने के बाद बेहरवाल गांव के पास विशेष जांच शुरू की। यादव ने कहा कि जांच के दौरान जब पुलिस टीम ने एक कार को रुकने का इशारा किया, तब कार सवार लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
राज्य पुलिस प्रमुख ने कहा कि आरोपियों की कमर पर तीन पैकेटों में बंधी छह किलोग्राम हेरोइन (प्रत्येक में दो-दो किलोग्राम) तथा वाहन में रखी अन्य छह किलोग्राम हेरोइन को बरामद कर लिया गया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान अमृतसर के घरिंडा के दाओके गांव निवासी भिंडर सिंह उर्फ भिंडा, अमृतसर के घरिंडा के राजातल गांव निवासी दिलबाग सिंह उर्फ मनु और अमृतसर के राजा सांसी के छीना शबाजपुर गांव निवासी मणिपाल सिंह उर्फ मणि के रूप में हुई।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतिंदर सिंह ने कहा कि तीनों आरोपी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त हैं।
पुलिस ने बताया कि हेरोइन जब्त करने के अलावा, जिस कार में आरोपी यात्रा कर रहे थे उसे भी जब्त कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 10, 2023 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

