गुरदासपुर, 19 जुलाई पंजाब के गुरदासपुर में जिला प्रशासन ने बुधवार को एक परामर्श जारी कर, उझ नदी में 2.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद रावी नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा।
जम्मू में उझ नदी पठानकोट को पार करने के बाद गुरदासपुर जिले के मकोरा पाटन में रावी नदी में मिल जाती है।
गुरदासपुर के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण उझ नदी में 2.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने निचले इलाकों और रावी नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया और साथ ही कुछ स्कूलों में छुट्टी भी घोषित कर दी गई है।
अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि बाढ़ जैसी स्थिति के बारे में कोई भी जानकारी जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर पर दी जा सकती है।
पंजाब और हरियाणा के कई जिले भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दोनों राज्यों में आवासीय और कृषि भूमि के बड़े हिस्सों में पानी भर गया है।
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बाढ़ का पानी कम हो गया है, लेकिन अधिकारी अभी भी राहत कार्य में जुटे हैं और घग्गर नदी के किनारे बने 'धुस्सी बांध' में आई दरारों को भर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY