देश की खबरें | पंजाब के मुख्यमंत्री ने पीआईएमएस में धन के गबन की जांच के आदेश दिए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को दोआबा क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में धन के कथित गबन और अन्य गड़बड़ियों की जांच का आदेश दिया।
चंडीगढ़, दो जून पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को दोआबा क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में धन के कथित गबन और अन्य गड़बड़ियों की जांच का आदेश दिया।
यहां पीआईएमएस सोसाइटी के शासी निकाय की 37वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए मान ने कहा, "इस शीर्ष संस्थान में वित्तीय संकट एक गंभीर चिंता का विषय है और राज्य सरकार हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती तथा राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को खतरे में डालने की इस साजिश की अनुमति नहीं दे सकती।"
मान के हवाले से एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह आश्चर्यजनक है कि पिछले छह वर्षों में शासी निकाय की एक भी बैठक नहीं हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘गंभीर घोटालों की ओर इशारा करने वाली कई खामियां भी सामने आई हैं।’’
उन्होंने कहा कि इन खामियों और गबन के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मान ने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय अवधि के भीतर की जाएगी।
उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि उन सभी के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जानी चाहिए जो सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार हैं, जिसके कारण जालंधर में संस्थान में गंभीर वित्तीय संकट पैदा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोआबा क्षेत्र के मध्य में स्थित संस्थान लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए उत्प्रेरक के रूप में कार्य कर सकता है।
मान ने कहा कि पीआईएमएस पहले से ही अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस है और इसे विश्व स्तरीय चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)