चंडीगढ़, 17 जुलाई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत कार्यों को लेकर चंदा के वास्ते एसजीपीसी के बैंक खाते का विवरण सार्वजनिक करने पर सोमवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की आलोचना की।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि यह शर्मनाक है कि शिअद द्वारा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अधिकृत प्रतिनिधि का खाता नंबर साझा करने के बजाय लोगों के साथ एसजीपीसी का खाता नंबर साझा किया जा रहा है।
मान ने इसे अजीबोगरीब बताते हुए कहा कि विवरण एसजीपीसी अधिकारियों द्वारा कभी भी सार्वजनिक नहीं किया गया, लेकिन बादल ने अपने टेलीविजन चैनल पर उन्हें जारी कर दिया। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘बादल किस हैसियत से नंबर जारी कर लोगों से मदद मांग रहे हैं।’’
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मान ने कहा कि इससे उनकी पार्टी का यह रुख सही साबित हुआ है कि एक परिवार अपने निहित स्वार्थों के लिए एसजीपीसी को नियंत्रित कर रहा है।
मान ने आरोप लगाया, ‘‘इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है कि जिस संस्था का जन्म अनगिनत बलिदानों के बाद हुआ था, वह आज इन नेताओं के हाथों की कठपुतली है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नेताओं ने हमेशा अपने निहित राजनीतिक स्वार्थों के लिए एसजीपीसी का ‘‘दुरुपयोग’’ किया। मान ने कहा कि ऐसे नेता अब राज्य की जनता को बेवकूफ नहीं बना सकते, क्योंकि जनता उनके संदिग्ध चरित्र से अच्छी तरह वाकिफ हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY