चंडीगढ़, चार नवंबर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20 नवंबर को होने वाले बरनाला विधानसभा उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार के समर्थन में सोमवार को बरनाला जिले में एक रोड शो किया।
आप ने हरिंदर सिंह धालीवाल को इस सीट से मैदान में उतारा है, जो दो बार के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर के संगरूर लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित होने के बाद खाली हुई है।
रोड शो में मीत हेयर भी मौजूद थे। रैली को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि उनकी पार्टी को लोगों से ‘‘बहुत’’ प्यार मिल रहा है।
भाजपा उम्मीदवार और पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों पर कटाक्ष करते हुए मान ने पूछा, ‘‘वह कितनी बार चुनावी हार का स्वाद चखेंगे?’’
मान ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार को 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा उम्मीदवार बरनाला नहीं जाते और चंडीगढ़ में ही रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल पर भी कटाक्ष किया, जो चार विधानसभा क्षेत्रों- डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल, बरनाला और गिद्दरबाहा के लिए उपचुनाव नहीं लड़ रहा है। उन्होंने दावा किया, ‘‘जो लोग कहते थे कि वे 25 साल तक शासन करेंगे, उनके पास अब उपचुनाव लड़ने के लिए चार लोग नहीं हैं।’’
मान ने कहा, ‘‘(दिवंगत) प्रकाश सिंह बादल (पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री) गिद्दरबाहा सीट से पांच बार विधायक रहे। लेकिन इस बार अकाली दल के पास कोई उम्मीदवार नहीं है।’’
वर्ष 2015 की बेअदबी की घटनाओं के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अपराधियों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा विश्वास करो, सजा दी जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY