देश की खबरें | पंजाब: बीएसएफ ने पाकिस्तानी ड्रोन से गिराए गए हथियार और मादक पदार्थ जब्त किये

नयी दिल्ली, 10 फरवरी पंजाब के तरनतारन जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा गिराई गई एक चीन निर्मित पिस्तौल, पांच गोली, एक मैगजीन और तीन किलोग्राम हेरोइन को बीएसएफ और पुलिसकर्मियों ने एक संयुक्त अभियान में जब्त किया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि यह खेप पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा ड्रोन का इस्तेमाल करके हवाई माध्यम से भारतीय क्षेत्र में गिराई गई।

यादव ने कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा के पास खेमकरन इलाके में बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात ड्रोन की आवाज सुनकर एक नागिरक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को दी गई और सीमा से एक किलोमीटर तक के दायरे में संयुक्त अभियान शुरू किया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आसपास के खेतों की गहन जांच करने पर पुलिस और बीएसएफ की टीम ने तरनतारन के मियांवाल गांव के इलाके से तीन किलोग्राम हेरोइन, एक 30 बोर की पिस्तौल समेत अन्य आयुद्ध सामग्री बरामद की।’’

तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत चौहान ने कहा कि ड्रोन के जरिए खेप भेजने वाले तस्करों और उनके भारतीय सहयोगियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)