देश की खबरें | पंजाबः भगवंत मान ने पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी से भतीजे के खिलाफ लगे आरोपों पर सफाई देने को कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्ववर्ती चरणजीत सिंह चन्नी को उनके भतीजे पर क्रिकेटर को सरकारी नौकरी दिलाने के एवज में दो करोड़ रुपये मांगने के आरोपों को लेकर सफाई देने के लिए 31 मई तक समय दिया।

चंडीगढ़, 25 मई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्ववर्ती चरणजीत सिंह चन्नी को उनके भतीजे पर क्रिकेटर को सरकारी नौकरी दिलाने के एवज में दो करोड़ रुपये मांगने के आरोपों को लेकर सफाई देने के लिए 31 मई तक समय दिया।

मान ने ट्वीट किया कि यदि चन्नी ‘सारी जानकारियां’ बताने में विफल रहते हैं तब वह अपने इन आरोपों के समर्थन में आंकड़े (रिश्वत राशि एवं अन्य बातें) एवं नामों को ‘सार्वजनिक कर देंगे।’ उन्होंने यह ट्वीट पंजाब में किया।

मान ने सोमवार को आरोप लगाया था कि चन्नी के भतीजे ने एक क्रिकेटर से उसे ‘खेलकूद’ श्रेणी से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगे थे। चन्नी ने इस आरोप का खंडन किया था और मुख्यमंत्री पर उनके खिलाफ झूठ फैलाने का आरोप लगाया था।

मान ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ आपके भतीजे द्वारा एक क्रिकेटर से नौकरी के बदले रिश्वत मांगे जाने के बारे में मैं आपको सारी जानकारियां सार्वजनिक करने के लिए 31 मई दो बजे तक का वक्त दे रहा हूं, अन्यथा मैं पंजाबियों के सामने आंकड़े (रिश्वत राशि) और नाम और संबंधित लोगों की कहां भेंट हुई थी, सभी बातें सार्वजनिक कर दूंगा।’’

मान ने संगरूर में एक सभा में कहा कि पिछले सप्ताह इंडियन प्रीमियर लीग मैच देखने के लिए जब वह हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में थे तब वह पंजाब के एक क्रिकेटर से मिले थे जिसने उन्हें बताया कि उसने खेलकूद श्रेणी से सरकारी नौकरी के लिए आवेदन दिया था।

मान ने बताया कि तब अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री थे और क्रिकेटर से कहा गया कि उन्हें नौकरी मिल जाएगी।

मान ने दावा किया कि क्रिकेटर और उसके पिता ने चन्नी (जो बाद में अमरिंदर सिंह के स्थान पर मुख्यमंत्री बने) से भेंट की तथा चन्नी ने उन दोनों से उनके भतीजे से मिलने को कहा।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि क्रिकेटर ने उन्हें बताया कि वह चन्नी के भतीजे से मिला जिसने उसे आश्वासन दिया कि उसे नौकरी मिल जाएगी और उससे ‘दो’ का इंतजाम करने को कहा।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मान ने कहा, ‘‘ खिलाड़ी दो लाख रुपये लेकर चन्नी के भतीजे से मिला जिसने उसे गालियां दीं और कहा कि ‘दो’ का मतलब दो लाख रुपये नहीं बल्कि दो करोड़ रुपये है। ’’

चन्नी सतर्कता ब्यूरो की जांच का भी सामना कर रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने आरोप लगाया था कि मान सराकर ‘बदले की राजनीति’ कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\