देश की खबरें | पंजाब : संगरूर के अस्पताल में ग्लूकोज चढ़ाने के बाद 15 मरीजों ने ‘हल्के दुष्प्रभाव’ की शिकायत की

चंडीगढ़, 14 मार्च पंजाब में संगरूर के सिविल अस्पताल में भर्ती 15 मरीजों ने नसों में ग्लूकोज चढ़ाने के बाद ‘‘हल्के दुष्प्रभाव’’ की शिकायत की, जिसके बाद अधिकारियों ने दवाओं के एक खास बैच का भंडार वापस ले लिया है।

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की विधायक नरिंदर कौर भारज ने प्रभावित मरीजों का हाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महिला मरीजों को प्रसव के बाद ‘आईवी फ्लूड’ दिए जाने पर कुछ दुष्प्रभाव की खबर मिलने के बाद मैं सिविल अस्पताल-संगरूर पहुंची। मैंने प्रभावित मरीजों का हाल पूछा और डॉक्टरों की एक टीम से भी मुलाकात की।’’

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मरीजों की हालत स्थिर है। सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘संगरूर में आज ग्लूकोज आईवी फ्लूड के इस्तेमाल के बाद हल्के दुष्प्रभाव की शिकायत मिली है। तत्काल कार्रवाई की गई है। पंजाब से (दवा के इस बैच का) सारा भंडार वापस ले लिया गया है।’’

मंत्री ने कहा कि नमूनों को तत्काल जांच के लिए भेजा गया है और अगर कोई लापरवाही पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रधान सचिव कुमार राहुल ने अस्पताल का दौरा किया और कहा कि सामान्य ग्लूकोज दिए जाने के कारण तीन मरीजों को शुरू में कुछ स्वास्थ्य समस्याएं हुई थीं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें उपचार दिया और किसी भी मरीज को रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

उन्होंने बताया कि औषधि निरीक्षक नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज रहे हैं, जिसके परिणाम अगले दो-तीन दिनों में आने की संभावना है।

इस बीच, विपक्ष ने इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के तथाकथित ‘दिल्ली स्वास्थ्य मॉडल’ के नतीजे देखिए! संगरूर में 15 गर्भवती महिलाएं ग्लूकोज ड्रिप दिए जाने के बाद बीमार पड़ गईं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘क्या यही है ‘आम आदमी’ शासन? आप के शासन में पंजाब की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली चरमरा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)