देश की खबरें | पंजाब: खरड़ से आप विधायक अनमोल गगन मान ने दिया इस्तीफा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) की नेता अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से रविवार को इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्होंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है।
चंडीगढ़, 19 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) की नेता अनमोल गगन मान ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से रविवार को इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्होंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है।
अनमोल गगन मान (35) खरड़ विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से अपने इस्तीफे के बारे में जानकारी दी और उन्होंने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया है।
मान ने ‘एक्स’ पर पंजाबी में एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने भारी मन से राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से अध्यक्ष को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के साथ मेरी शुभकामनाएं हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।’’
गायिका से नेता बनीं मान ने यह नहीं बताया कि उन्होंने यह निर्णय क्यों किया।
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
उन्होंने पंजाब में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार रंजीत सिंह गिल को 37,885 मतों के अंतर से हराया था।
मानसा जिले की रहने वालीं मान जुलाई 2020 में ‘आप’ में शामिल हुई थीं। उन्हें बाद में ‘आप’ की युवा शाखा का सह-अध्यक्ष बनाया गया था।
प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले मान ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रशंसा में आम आदमी पार्टी के लिये एक प्रचार गीत भी गाया था।
मान मंत्री भी बनी थीं और उन्होंने ‘आप’ सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन, श्रम एवं आतिथ्य विभाग का कार्यभार संभाला। लेकिन पिछले साल भगवंत मान सरकार ने मान समेत चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटा दिया था।
उन्होंने जून 2024 में वकील शाहबाज सिंह सोही से शादी की थी।
राजनीति में शामिल होने से पहले वह एक गायिका थीं और उन्होंने ‘सूट’, ‘घेंट पर्पस’ और ‘शेरनी’ जैसे गाने गाए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 06:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

