देश की खबरें | पुडुचेरी के मंत्री और तीन मनोनीत विधायक 14 जुलाई को शपथ लेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुडुचेरी के नवनियुक्त मंत्री ए. जॉन कुमार और तीन मनोनीत विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह 14 जुलाई को होगा।
पुडुचेरी, 13 जुलाई पुडुचेरी के नवनियुक्त मंत्री ए. जॉन कुमार और तीन मनोनीत विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह 14 जुलाई को होगा।
सूत्रों ने बताया कि उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त मंत्री को अपराह्न डेढ़ बजे राज निवास में पद की शपथ दिलाएंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष आर सेल्वम मनोनीत विधायकों-वी सेल्वम, जी एन एस राजशेखरन और ई थीपैंथन को विधानसभा परिसर स्थित अपने कक्ष में शपथ दिलाएंगे।
इन विधायकों को वी पी रामलिंगम, के वेंकटेशन और आर बी अशोक बाबू के 27 जून को इस्तीफे के बाद पैदा हुई रिक्तियों को भरने के लिए मनोनीत किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भाजपा से संबद्ध इन तीनों सदस्यों को 2021 के विधानसभा चुनावों में ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस (एआईएनआरसी)-भाजपा गठबंधन की केंद्रशासित प्रदेश में जीत के तुरंत बाद नियुक्त किया था।
गृह मंत्रालय ने 11 जुलाई को जॉन कुमार और भाजपा द्वारा मनोनीत तीन विधायकों की नियुक्तियों को मंजूरी दे दी, जो पार्टी द्वारा मंत्रिमंडल और विधायी शाखा में शुरू किए गए फेरबदल का हिस्सा है।
कुमार के शामिल होने से एन रंगासामी के नेतृत्व वाले चार साल से अधिक पुराने मंत्रिमंडल में फिर से छह सदस्य हो जाएंगे। इसमें (मुख्यमंत्री सहित) चार एआईएनआरसी मंत्री और भाजपा के दो नेता हैं।
जॉन कुमार कामराज नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2021 में अपने चुनाव के बाद से मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव के रूप में सेवाएं दीं।
यह पद ए के साई जे सरवनन के 27 जून को आदि द्रविड़ कल्याण मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुआ था।
कांग्रेस के पूर्व नेता कुमार 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके बेटे रिचर्ड जॉन कुमार भी भाजपा विधायक हैं। वह नेलिथोप निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
वर्तमान में विधानसभा में भाजपा के छह निर्वाचित सदस्य हैं, जबकि उसकी सहयोगी एआईएनआरसी के 10 सदस्य हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 07:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

