ताजा खबरें | जनता ने हमारी ‘भारत सर्वप्रथम’ नीति को समर्थन दिया, विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे: मोदी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि देश की जनता ने उनकी सरकार की ‘‘भारत सर्वप्रथम’’ तथा ‘‘तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण की’’ नीति को अपना समर्थन दिया और लगातार झूठ फैलाने के बावजूद विपक्ष की घोर पराजय हुई।
नयी दिल्ली, दो जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि देश की जनता ने उनकी सरकार की ‘‘भारत सर्वप्रथम’’ तथा ‘‘तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण की’’ नीति को अपना समर्थन दिया और लगातार झूठ फैलाने के बावजूद विपक्ष की घोर पराजय हुई।
उन्होंने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि यह है कि देश निराशा से बाहर निकला और आत्मविश्वास की बुलंदी पर पहुंचा है।
मोदी ने विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के बीच कहा, ‘‘जनता ने हमें चुना है और मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं कि लगातार झूठ चलाने के बावजूद उनकी घोर पराजय हुई...विश्व का सबसे बड़ा चुनाव अभियान था, उसमें देश की जनता ने हमें तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है, यह लोकतांत्रिक विश्व के लिए गौरवपूर्ण घटना है।’’
उनका कहना था कि उनकी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, यह इस चुनाव में उनके लिए आशीर्वाद का एक कारण बना।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश की जनता ने देखा है कि हमारा एकमात्र लक्ष्य भारत सर्वप्रथम रहा है, हमारी हर नीति, निर्णय और कार्य का एक ही तराजू ‘भारत प्रथम’ रहा है।’’
उनका कहना था, ‘‘हम तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण के विचार को लेकर चले हैं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘मेरी सरकार की कई सफलाएं और सिद्धि हैं। इनमें एक प्रमुख सिद्धि है कि देश निराशा के गर्त से बाहर निकला और आत्मविश्वास की बुलंदी पर पहुंचा।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में देश की साख बढ़ी है और दुनिया का नजरिया बदला है।
उनका कहना था कि जनता ने उनके 10 साल के कार्यकाल को देखने-परखने के बाद तीसर बार समर्थन दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ इस चुनाव ने इस बात को सिद्ध किया है कि भारत की जनता कितनी परिपक्व है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश की जनता ने हमारी नीयत को देखा है। हमारी नीयत, नीति और निष्ठा पर भरोसा किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम विकसित भारत के निर्माण के लिए एक प्रतिबद्धता के साथ जनता के पास गए थे। जनता ने विकसित भारत के संकल्प को चार चांद लगाकर, हमें फिर से विजयी बनाकर सेवा करने का मौका दिया है।’’
मोदी के अनुसार, जब देश विकसित होता है कोटि कोटि जन के सपने पूरे होते हैं, संकल्प सिद्ध होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि जिस विकसित भारत के संकल्प को लेकर चले हैं उसके लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे और हमारे समय का पल पल और शरीर का कण-कण इस सपने को पूरा करने के लगाएंगे।’’
प्रधानमंत्रीने कहा, ‘‘2014 से हर दिन पहले घोटाले की खबरें पढ़ने को मिलती थीं, रोज नए घोटाले, घोटालों की घोटालों की स्पर्धा का कालखंड था...घोटाला की दुनिया ने देश को निराशा से गर्त में डुबा दिया था।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने देश को निराशा के गर्त से बाहर निकाला।
मोदी ने 2014 से पहले हुए आतंकी हमलों के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘आज का हिंदुस्तान घर में घुसकर मारता है, सर्जिकल स्ट्राइक करता है, एयर स्ट्राइक करता है, आतंकवाद के आकाओं को सबक सिखाने का सामर्थ्य दिखा दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)