देश की खबरें | परिसीमन प्रस्तावों के विरोध में असम में प्रदर्शन जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम में परिसीमन प्रस्तावों के विरोध में प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा, जबकि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा नीत गठबंधन के सहयोगियों के साथ-साथ विपक्षी दलों ने भी इस पर अपनी नाराजगी जताई है।

गुवाहाटी, 24 जून असम में परिसीमन प्रस्तावों के विरोध में प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा, जबकि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा नीत गठबंधन के सहयोगियों के साथ-साथ विपक्षी दलों ने भी इस पर अपनी नाराजगी जताई है।

परिसीमन के मसौदा प्रस्ताव को लोगों की भावनाओं की अनदेखी कर मतदाताओं का धार्मिक आधार पर ध्रुवीकरण करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोशिश करार देते हुए विपक्षी दलों ने नागरिकों की ‘शिकायतों’ को निर्वाचन आयोग के समक्ष रखने का फैसला किया है।

शिवसागर जिले के अमगुरी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को असम गण परिषद (अगप) नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा की सहयोगी अगप के प्रदीप हजारिका कर रहे हैं।

एक स्थानीय अगप नेता ने कहा, ‘‘हमारे अमगुरी निर्वाचन क्षेत्र का विलय दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में किया जा रहा है और हम अपनी पहचान खो रहे हैं। हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे और अपना आंदोलन जारी रखेंगे।’’

विपक्षी दल ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने शुक्रवार को बराक घाटी के जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सीमाओं और निर्वाचन क्षेत्रों के नाम की यथास्थिति बरकरार रखी जाए।

यह फैसला लिया गया है कि कांग्रेस समेत 12 विपक्षी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल 30 जून को शिवसागर जिले के दौरा करेगा।

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा, ‘‘हमने शिवसागर को चुना क्योंकि विभिन्न समुदाय, जनजातियां और उप-समूह आहत और ठगे हुए महसूस कर रहे हैं। भाजपा ने उनकी भावनाओं की अनदेखी की है और निर्वाचन आयोग ने ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य पर ध्यान नहीं दिया है।’’

शिवसागर के बाद प्रतिनिधिमंडल दो और तीन जुलाई को बराक घाटी के कछार, करीमगंज और हैलाकांडी जिलों का दौरा करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\