देश की खबरें | कोलकाता में प्रदर्शनकारी चिकित्सकों ने निकाली विरोध रैली, उसमें हजारों लोग हुए शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंदोलनकारी जूनियर चिकित्सकों ने मंगलवार को कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में रानी रासमणि रोड से अपना 'द्रोह कार्निवल' शुरू किया।
कोलकाता, 15 अक्टूबर आंदोलनकारी जूनियर चिकित्सकों ने मंगलवार को कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में रानी रासमणि रोड से अपना 'द्रोह कार्निवल' शुरू किया।
यह कदम कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा यहां रेड रोड पर दुर्गा पूजा कार्निवल के आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा को हटाने के कुछ ही देर बाद उठाया गया।
चिकित्सकों की इस रैली में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। ये चिकित्सक आरजी कर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में एक चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या के मामले में इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
देबाशीष हलदर नामक एक प्रदर्शनकारी चिकित्सक ने कहा, ‘‘यह आम लोगों की प्रतिक्रिया है जो पश्चिम बंगाल सरकार के असंवेदनशील रवैये के खिलाफ़ विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं। ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस बात की कोई चिंता नहीं है कि युवा चिकित्सक आमरण अनशन पर हैं।’’
ये चिकित्सक पांच अक्टूबर से भूख हड़ताल पर हैं।
कई प्रदर्शनकारियों ने ‘हमें न्याय चाहिए, हम न्याय की मांग करते हैं’ जैसे नारे लगाए और ‘अभया के लिए न्याय’ जैसे गीत गाए। प्रदर्शन में शामिल अन्य लोग जूनियर चिकित्सकों की मांगों पर केंद्रित पोस्टर लेकर चल रहे थे।
‘ज्वायंट प्लेटफार्म ऑफ डॉक्टर्स’ ने आंदोलनकारी जूनियर चिकित्सकों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए ‘द्रोह कार्निवल’ का आयोजन किया।
यह कार्यक्रम रेड रोड से सटे रानी रासमणि रोड पर हुआ, जहां पश्चिम बंगाल सरकार 2016 से दुर्गा पूजा कार्निवल का आयोजन करती आ रही है और उसमें पुरस्कार विजेता मूर्तियों का प्रदर्शन किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)