देश की खबरें | सेंट्रल विस्टा की तर्ज पर नया विधान भवन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन: नार्वेकर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सोमवार को कहा कि सेंट्रल विस्टा परियोजना की तर्ज पर मुंबई में एक नया विधान भवन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है।
मुंबई, 10 जुलाई महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सोमवार को कहा कि सेंट्रल विस्टा परियोजना की तर्ज पर मुंबई में एक नया विधान भवन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है।
नार्वेकर ने यहां पत्रकारों से कहा कि परिसीमन के बाद राज्य विधानसभा और विधान परिषद में सीटों की संख्या मतदाताओं की संख्या में वृद्धि के अनुपात में होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सेंट्रल विस्टा के तहत परिसीमन से सदस्यों की संख्या में वृद्धि का अनुमान लगाते हुए लोकसभा और राज्यसभा के लिए नए सदन बनाए गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि यहां महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद के लिए भी ऐसा ही (नए विधान भवन का निर्माण) हो। मुझे उम्मीद है कि प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त धन मिलेगा।’’
नार्वेकर ने कहा कि एक बार परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद, उम्मीद है कि विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की संख्या मतदाताओं की संख्या में वृद्धि के अनुपात में होगी। उन्होंने कहा, ‘‘यदि ऐसा होता है, तो मौजूदा सदन (विधान भवन) में उन्हें समायोजित करने के लिए पर्याप्त सीटें नहीं होंगी। इस प्रकार, महाराष्ट्र के लिए नयी विधानसभा और विधान परिषद के निर्माण के लिए एक प्रस्ताव विचाराधीन है।’’
नार्वेकर के अनुसार, दिल्ली के विपरीत, मुंबई में महाराष्ट्र विधान भवन के वर्तमान स्थल से लगी कोई अप्रयुक्त बड़ी भूमि नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें एक पूरी तरह से नया विधान मंडल परिसर बनाना होगा जो नयी आवश्यकताओं के अनुसार उपयुक्त हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)