जरुरी जानकारी | मुंबई में संपत्तियों का पंजीकरण अक्टूबर में 22 प्रतिशत बढ़ाः रिपोर्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. त्योहारी मौसम में अधिक मांग आने से अक्टूबर में मुंबई नगर निगम क्षेत्र में संपत्तियों के पंजीकरण की संख्या 22 प्रतिशत बढ़कर 12,960 इकाई हो गयी।
मुंबई, एक नवंबर त्योहारी मौसम में अधिक मांग आने से अक्टूबर में मुंबई नगर निगम क्षेत्र में संपत्तियों के पंजीकरण की संख्या 22 प्रतिशत बढ़कर 12,960 इकाई हो गयी।
रियल एस्टेट सलाहकार नाइट फ्रैंक इंडिया ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। एक साल पहले की समान अवधि में 10,607 संपत्तियों का पंजीकरण हुआ था।
महाराष्ट्र सरकार के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट कहती है कि मुंबई शहर में इस साल अक्टूबर के दौरान दो प्रमुख त्योहार- दशहरा एवं दिवाली होने से मांग अधिक रही और संपत्तियों का अधिक पंजीकरण हुआ।
सलाहकार फर्म ने कहा, ‘‘नवरात्रि से शुरू होने वाला त्योहारी मौसम संपत्ति की खरीद के लिए शुभ माना जाता है। इस माह दिवाली का त्योहार भी होने से पंजीकरण की संख्या बढ़ गई।’’
अक्टूबर 2024 में, कुल संपत्ति पंजीकरण में आवासीय इकाइयों का हिस्सा 80 प्रतिशत है जो शहर में मजबूत आवासीय मांग को दर्शाता है।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘त्योहारी मौसम में मुंबई में संपत्ति पंजीकरण में 22 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का संकेत है कि घर खरीदने को लेकर लोगों की धारणा मजबूत बनी हुई है।’’
उन्होंने त्योहारी मौसम आगे बढ़ने के साथ संपत्तियों के पंजीकरण की तेज रफ्तार कायम रहने की उम्मीद भी जताई। इसमें अनुकूल बाजार स्थितियों, संपत्ति खरीद पर त्योहारी पेशकश और स्थिर नीतिगत दरों की भूमिका भी होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)